बिलसंडा। फल का ठेला लगाने वाले दो युवकों ने बैंक ऑफ बड़ौदा में नकब लगाकर चोरी करने की कोशिश की थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। उनसे चोरी किया गया टेबलेट भी बरामद हो गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
गोला रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में शुक्रवार रात पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोर भीतर घुस गए थे। वहां बैंक में सामान खंगालने के बाद चोर टेबलेट चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। शाखा प्रबंधक से मिली तहरीर पर अज्ञात लोगों के नाम रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से चोरों तक पहुंचने में मदद मिली। रविवार सुबह पुलिस ने खदनिया बाबा देवस्थल के पास से दोनों चोरों डिस्को चौराहा निवासी नीरज और पुराना अस्पताल के पीछे रहने वाले सोनू को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने बताया कि बैंक से चोरी टेबलेट भी बरामद हो गया है। दोनों चोर फल का ठेला लगाते हैं। सोनू ने रुपये कमाने के लिए बैंक में चोरी की योजना बनाई थी। नीरज को भी उसने अपने साथ ले लिया। नीरज तो बैंक के बाहर ही फल का ठेला लगाता था। उसे इलाके के माहौल की पहले से जानकारी थी।