बैंक बंद एटीएम कंगाल, जनता हुई बेहाल
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
नोट बंदी से परेशान जनता की समस्या बैंक की दो दिन की छुट्टी से और बढ़ गई है। बैंकों के बंद होने के साथ ही एटीएम भी खाली पड़े हैं जिससे लोगों को नकदी हासिल करने को परेशान होना पड़ रहा है। अब सोमवार को बैंक खुलने पर ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नोट बंदी के बाद से नकदी जमा करने वालों की अपेक्षा नकदी निकालने वालों की भीड़ अधिक है। बैंक के साथ एटीएम पर भी लोग सुबह से ही लाइन में लग रहे हैं, लेकिन शनिवार व रविवार को दिन तक लगातार अवकाश से लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। शनिवार को सुबह लोग धनराशि निकालने को एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर भटकते देखे गए। शहर में मात्र दो एटीएम ही चलते मिले। इसमें टनकपुर रोड स्थित एसबीआई की सिटी शाखा के एटीएम में सुबह से दोपहर बाद तक लाइन लगी रही जबकि स्टेडियम रोड स्थित इंडियन बैंक में लगा एटीएम भी दो बजे ही खाली हो गया। बैंकें बंद होने और एटीएम से भी धनराशि न निकलने के कारण लोग परेशान दिखे। लोगों का कहना है कि दो दिन की बंदी से पूर्व बैंक प्रबंधन को एटीएम में पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था करनी चाहिए थी। इस बावत एलडीएम मनोहर सिंह जनपांगी ने बताया कि बैंकों को मुख्यालयों से जितनी धनराशि मिल रही है उसका भुगतान किया जा रहा है। मार्केट से छोटे नोट बैंक नहीं पहुंच रहे हैं जिससे दिक्कत हो रही है। सोमवार को बैंकों में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।