भारत नेपाल सीमा के प्रभावी प्रबंधन की टास्क फोर्स की बैठक में मंडलायुक्त ने दिए निर्देश, बोले- डीआईजी सीमा सुरक्षा बल नियमित आने-जाने वाले पर रखे नजर
पीलीभीत। कलक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी और पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय साहनी की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा के प्रभावी प्रबंधन एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए परिक्षेत्रीय स्तर टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें मंडलायुक्त ने प्रवासी पक्षियों के शिकार पर रोक लगाने और तोतों की खरीद व बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाए जाने का निर्देश दिया।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा से संबंधित बाॅर्डर पिलर्स की क्षति, जाली मुद्रा, मानव तस्करी, खाद्यान्न और अन्य सामग्रियों की तस्करी, खाद तस्करी, वनों के अवैध कटान, वन एवं वन्यजीव तथा पर्यावरण संबंधी अपराध और अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण सहित विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। उन्होंने बाॅर्डर एरिया के क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मादक पदार्थों, खाद्यान्न, खाद की तस्करी के संबंध में भी जानकारी ली। निर्देश दिए कि बाॅर्डर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखी जाए। यदि कहीं पर धार्मिक गतिविधियों में वृद्वि-कट्टरवादी प्रभाव पाया जाए तो तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को बताया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से पेट्रोल तस्करी, खनन अधिकारी को बालू खनन पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवासी पक्षियों के शिकार पर रोक और तोता पालन की खरीद व बिक्री पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिए। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सुकीर्ति माधव समेत अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। संवाद