शहर की ईदगाह परिसर में बुधवार को सफाई करते मजदूर। संवाद
पीलीभीत। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आज बृहस्पतिवार को जिले की 58 ईदगाहों और 334 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। मुख्य नमाज शहर की ईदगाह में सुबह साढ़े नौ बजे होगी। पर्व के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखते हुए पांच जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया है। संवेदनशील इलाकों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सात सीओ, 52 इंस्पेक्टर, 250 सब इंस्पेक्टर और करीब 950 कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी और रिजर्व पुलिस बल भी तैनात रहेगा। सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज और क्षेत्राधिकारियों को लगातार गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार, जिले में 23 निर्धारित स्थानों पर कुर्बानी की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत पर पूरी तरह रोक रहेगी। कुर्बानी के बाद साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका और नगर पंचायतों की टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी, ताकि अवशेषों का तत्काल निस्तारण कराया जा सके। एसपी ने बताया कि पशुपालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ सभी थाना प्रभारियों को नोटिस जारी करने और क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। बकरीद से पूर्व संबंधित एसडीएम और सीओ ने ईदगाहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवाद