पीलीभीत। माला रेंज में सप्ताह भर पहले ग्रामीण को निवाला बनाने वाली बाघिन को बेहोश करने के बाद कानपुर के चिड़ियाघर भेजने से पहले कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। बरेली के आईवीआरआई से मिली जांच रिपोर्ट में बाघिन की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। पीटीआर प्रशासन ने राहत महसूस करते हुए बाघिन की जांच रिपोर्ट कानपुर चिड़ियाघर भेज दी है।
टाइगर रिजर्व की माला रेंज के समीप रिछोला क्षेत्र में एक बाघिन 20 दिनों तक आबादी क्षेत्र में दस्तक दे रही थी। बाघिन ने सात मई को रिछोला गांव में किसान पर हमला कर घायल कर दिया था। किसान को बचाने आए एक अन्य बुजुर्ग को घायल कर बाघिन भाग निकली थी। इसके बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बाघिन की तेजी से तलाश शुरू की। आठ मई की रात बाघिन ने गोयल कॉलोनी निवासी शुवेंदु विश्वास को हमला कर मार डाला। नौ मई को उसे माला रेंज में बेहोश कर पकड़ लिया गया। बाघिन की कोरोना जांच कराई गई। आईवीआरआई में बाघिन का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। बाघिन को कानपुर चिड़ियाघर में भी अन्य जानवरों से अलग रखा गया था। आईवीआरआई बरेली से आई जांच रिपोर्ट में बाघिन में कोरोना संक्रमण नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद वन अफसरों ने राहत की सांस ली। बाद में यह जांच रिपोर्ट कानपुर भेज दी गई।
माला रेंज में ट्रैंक्युलाइज की गई बाघिन की कोविड-19 जांच कराई गई थी। उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इस रिपोर्ट को कानपुर भी भेज दिया गया है। - डा. एच राजामोहन, फील्ड डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व