पीलीभीत। गजरौला और कलीनगर क्षेत्र में अलग-अलग दो स्थानों पर बाघ की चहलकदमी देखी गई है। जिससे ग्रामीणों में खासी दहशत है। वन विभाग की टीमों ने मौके पर जाकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए और सुरक्षा की दृष्टि से गन्ने के खेत के चारों ओर खाबड़ (जाल) लगा दिया है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।
माधोटांडा। मंगलवार को कलीनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत नवदिया गांव के निकट एक खेत में बाघ के ताजा पगचिह्न मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पहले तो यूपी 112 के पुलिस कर्मियों को दी। इसके बाद वन विभाग को भी अवगत कराया गया। सूचना के बाद क्षेत्रीय वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस करने के साथ ही उसकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से गन्ने के खेत के चारों ओर खाबड़ लगा दिया गया है। एसडीओ प्रवीण खरे ने बताया कि क्षेत्रीय वन कर्मियों को भेजा गया है। अफसर भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं।
गजरौला। क्षेत्र में पिछले डेढ़ माह से बाघ की चहलकदमी लगातार जारी है। मंगलवार सुबह गांव पिपरिया भजा निवासी तेजराम बेबी सिंह कॉलोनी के समीप स्थित खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी बीच उनकी निगाह पास के खेत मेें खड़े एक बाघ पर पड़ी तो वे सहम गए। तेजराम ने बताया कि कुछ देर बाद बाघ वहां से चला गया, जब गांव जाकर बाघ होने की सूचना दी। सूचना पर माला रेंज से वन विभाग की टीम आई और बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। माला रेंज के रेंजर रामजी ने बताया कि बाघ गन्ने के खेत में मौजूद हो सकता है। वनकर्मियों को निगरानी के लिए लगाया है।