पूरनपुर। कॉलेेज गेट पर छात्राओं से छेड़खानी के विरोध पर नहीं बल्कि प्रार्थना के समय दूसरे छात्र के धक्का लगने पर बाहरी युवकों ने छात्र कृष्णा को जान से मारने की नियत से गर्दन दबाने का प्रयास किया था। जांच के बाद पुलिस ने पीड़ित के पिता मोहल्ला कायसस्थान के अनुराग पांडेय की ओर से मोहल्ला साहूकारा लाइनपार के प्रिंस और उसके बाल अपचारी दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बीते बृहस्पतिवार को नगर में माधोटांडा रोड पर एक कॉलेज गेट पर छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में शिक्षकों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। शिक्षकों और प्रबंध समिति के एक पदाधिकारी ने कोतवाली पहुंचकर सौंपे गए युवकों पर छात्राओं से अक्सर छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। पुलिस की जांच में मामला छात्राओं से छेड़खानी का नहीं निकला।
पुलिस ने कॉलेज के कक्षा 11वीं के छात्र कृष्णा के पिता अनुराग पांडेय की ओर से मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी प्रिंस और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को कॉलेज में प्रार्थना के समय उसके पुत्र कृष्णा से हनी को धक्का लग गया था। कॉलेज के अवकाश के बाद उनका पुत्र गेट पर हनी से बात कर रहा था। इस दौरान प्रिंस ने अपने साथी के साथ पहुंचकर पुत्र से गाली-गलौज की। जान से मारने की नियत से गर्दन दबाने का प्रयास किया। पुत्र को सांस लेने और खाने में परेशानी हो रही है। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि प्रिंस को गिरफ्तार करके शनिवार को चालान कर दिया गया।