पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र के सर्वेश कुमार के साथ सफर के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। आरोप है कि रास्ते में मैजिक में मौजूद चालक समेत चार अन्य लोगों ने बैग में रखे सोने के जेवर व नकदी चोरी कर ली। घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने चालक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलसंडा क्षेत्र के सुहैला आराजी तनाया गांव निवासी सर्वेश कुमार ने एसपी के निर्देश पर थाना सुनगढ़ी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल जा रहे थे। नौगवां चौराहे से वह पूरनपुर जाने के लिए एक मैजिक वाहन में सवार हुए।
वाहन में चालक के अलावा पहले से तीन अन्य लोग बैठे हुए थे। रास्ते में असम चौराहे के पास वह गन्ने का जूस पीने के लिए नीचे उतर गए। इस दौरान उन्होंने अपना बैग सीट के नीचे रख दिया था। बैग में सोने का हार, कान के झाले, बालचोटी, कमर बिछुआ, बच्चों के जेवर और करीब 10 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात लोगों ने बैग में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। जब वह लोग पूरनपुर पहुंचे और बैग की जांच की तो उसमें रखे सभी कीमती सामान गायब थे।
घटना का एहसास होते ही उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित के अनुसार, जब मैजिक चालक से इस संबंध में पूछताछ की गई तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मैजिक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।