पीलीभीत। नाली का पानी बंद करने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे और बांके से हमला करके पांच लोगों को घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर भीड़ एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
गजरौला क्षेत्र के उगनपुर गांव निवासी प्रेमवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही हीरालाल, भूपराम, छत्रपाल, गंगवार ने उसके घर की नाली का पानी बंद कर दिया। आरोप है कि मामले की शिकायत करने पर 26 जनवरी को शाम के समय आरोपी घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमलावर हो गए।
लाठी-डंडे और बांके से प्रहार किया। मारपीट में उसके अलावा विजयपाल, बुद्धसेन, धनदेई, दुलारो देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर शराबा करने पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल और यहां से जिला अस्पताल ले जाया गया। विजयपाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया है। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।