दो को दी प्रतिकूल प्रविष्टि, एक का वेतन रोका
एसडीएम सदर ने की राजस्व वसूली की समीक्षा
एसडीएम सदर जेपी चौहान ने अमीनों की बैठक लेकर वसूली की समीक्षा की। इसमें कम वसूली पर दो अमीनों और उनके सहायकों को निलंबित कर दिया। जबकि दो को प्रतिकूल प्रविष्टि और एक का वेतन रोका गया है।
सदर तहसील सभागार में मंगलवार को दोपहार बाद हुई समीक्षा बैठक में तहसील क्षेत्र के कुल 44 अमीनों में से 41 उपस्थित हुए। इनमें दो अवकाश पर थे जबकि एक बिना सूचना के गायब रहे। वसूली की क्षेत्रवार समीक्षा में स्थिति काफी खराब पाई गई। इसपर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त कर अमीनों की फटकार लगाई। तहसील में सबसे कम वसूली इकरार अहमद और दिनेश कुमार की पाई गई। इस पर उन्हें और उनके सहायकों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा अमीन ताराचंद्र और बाबूराम को लक्ष्य से कम वसूली के चलते प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। साथ ही बिना बताए अनुपस्थित रहने पर अमीन का एक दिन का वेतन रोका गया है। एसडीएम जेपी चौहान ने बताया कि वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में तहसीलदार विमल कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार राजीव निगम, मोहम्मद असलम भी मौजूद रहे।