शहर में टनकपुर हाइवे पर हैवी ट्रैफिक से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। आसाम रोड से सीधे टनकपुर रोड तक 12 किमी लंबा बाइपास बनाने को 63 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। इसे दो स्तर पर मंजूरी मिल चुकी है। अंतिम मंजूरी मिलते ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली, बीसलपुर और पूरनपुर की ओर से आने वाले ट्रैफिक को टनकपुर जाने के लिए शहर के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरने के कारण यातायात व्यवस्था में दिक्कत आ रही थी और दुर्घटनाएं भी होती थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए पिछले कई वर्षों से बाईपास से मांग चल रही थी। इस पर डीएम के निर्देश पर पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी ने सर्वे कर 63 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इंजीनियरिंग विभाग में दो स्तरों पर इसको मंजूरी मिल गई है अब चीफ इंजीनियर से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद धन आवंटन होना शेष है। उम्मीद की जा रह है कि मंजूरी मिलने पर चुनाव बाद इस पर काम शुरू हो जाएगा।