- अग्निशमन सेवा दिवस सप्ताह
- आग रोकने और बचाव के तरीकों का किया प्रचार-प्रसार
अग्निशमन सेवा दिवस पर एएसपी ने फायर ब्रिगेड भवन से हरी झंडी दिखाकर अग्निशमन गाड़ियों को रवाना किया। गाड़ियों के साथ मौजूद फायरकर्मी आग से बचाव के उपाय और सावधानियां आदि बरतने की जानकारी दे रहे थे।
इन दिनों अग्निशमन सेवा दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है, जो 20 अप्रैल तक चलेगा। एएसपी विकास कुमार वैद्य ने अग्निशमन केंद्र पर पहुंचे और दमकल की गाड़ियों को हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। एएसपी के झंडी दिखाते ही बरेली हाइवे पर एक नरई खेत में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। इस पर गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के बाद शहर में भ्रमण कर लोगों को आग रोकने और बचाव की जानकारी दी। इस दौरान पंफलेट आदि भी बांटे गए। इस मौके पर सीएफओ ब्रह्मानंद दूबे, इंस्पेक्टर अनिल कुमार शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।
यह बरतें सावधानियां
0 बिस्तर पर लेटकर धू्म्रपान न करें
0 जलते हुए बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े इधर-उधर न फेंके
0 खलिहान के पास पानी से भरे घड़े व मिट्टी के ढेर तैयार रखें
0 रेलवे लाइन से 100 मीटर दूर खरफूस के मकान बनाए
0 जलती हुई लालटेन व कुप्पी में मिट्टी का तेल न डालें
0 चूल्हे में जलती लकड़ी न छोड़े, राख को पूरा ठंडा कर गड्ढे में फेंके
0 लैंप, पैट्रोमैक्स सुरक्षित स्थान पर टांगे
0 खेत के चारों तरफ 10 फुट तक जुताई करने के बाद ही नरई आदि जलाएं
0 हवा चलते समय फूस को न जलाएं