पीलीभीत। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में पिछले तीन दिन तक आसमान में बादल उमड़ते रहे। इस दौरान बारिश भी हुई। चौथे दिन बादल छंटते ही अच्छी धूप खिली। इससे अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से अब 26-27 मार्च को फिर बादल उमड़ने के साथ ही हल्की बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
रविवार सुबह आसमान पर हल्के बादल रहे। इसके बाद हवा चलने लगी। इससे बादल छंटने लगे। दिन चढ़ने के साथ ही धूप में तेजी आती गई। हालांकि इस दौरान हवा चलने से लोगों को गर्मी का अहसास कम हुआ। दूसरी ओर मौसम साफ हो जाने से किसानों ने भी राहत की सांस ली। पिछले दिनों बारिश के साथ ही हवा चलने से अनेक किसानों की खेतों में खड़ी फसलें गिर गई थीं।
राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि रविवार को जिले में न्यूनतम तापमान 15.2 एवं अधिकतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डॉ. ढाका के अनुसार, अब एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।
इसके प्रभाव से तराई में 26 और 27 मार्च को आसमान पर फिर बादल उमड़ेंगे। साथ ही इस दौरान हल्की बारिश होने की भी उम्मीद है। संवाद