पीलीभीत। कोहरे की वजह से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग अलर्ट हो गया है। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने यात्री कर अधिकारी वर्डिस चतुर्वेदी के साथ बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे पीलीभीत-पूरनपुर, बीसलपुर मार्ग, बरेली और टनकपुर हाइवे पर जांच की। सड़क किनारे खड़े पांच वाहनों का चालान किया और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सीख दी।
एआरटीओ ने पूरनपुर मार्ग के सराय सुंदरपुर टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। वहां से गुजरने वाले वाहनों के दस्तावेज जांचें और कोहरे में सुरक्षित वाहन संचालन की सीख दी। नो-पार्किंग में खड़े पांच वाहनों का चालान किया। हाइवे पर ढाबा, वर्कशाॅप, चाय और अन्य दुकान संचालकों को निर्देश दिए कि उनकी दुकान पर आने वाले लोगों के वाहनों को व्यवस्थित ढंग से लगवाएं। सड़क पर वाहन खड़ा होने से हादसे का खतरा बना रहता है। एआरटीओ ने बताया कि कोहरे को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच वाहनों के चालान भी किए।