तहसीलदार ने तीनों ब्लाकों के आरसी जारी होने वाले सभी 34 ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में बकाया अदा करने के निर्देश दिए हैं। नोटिसों में धनराशि अदा न करने पर गिरफ्तारी वारंट जारी करने की चेतावनी दी गई है।
सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने राजीव गांधी सेवा केंद्रों की धनराशि का गबन करने के आरोप में इस तहसील क्षेत्र के तीनों ब्लाकों के 34 ग्राम प्रधानों की डीएम के माध्यम से आरसी जारी करा रखी है। जिन प्रधानों की आरसी जारी हुई है, उनमें बरखेड़ा ब्लाक के 19, बिलसंडा ब्लाक के पांच और बीसलपुर ब्लाक के 10 ग्राम प्रधान शामिल हैं।
इन प्रधानों की आरसी तहसील कार्यालय में आ गई है। तहसीलदार नन्हे लाल ने बताया कि इन सभी प्रधानों को नोटिस जारी कर आरोपित धनराशि एक सप्ताह के भीतर हर हालत में क्षेत्रीय संग्रह अमीन के पास जमा करने के निर्देश दिए हैं। नोटिसों में यह चेतावनी भी दी गई है कि एक सप्ताह के भीतर आरोपित धनराशि जमा न करने पर उनके गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए जाएंगे और उनकी संपत्ति की कुर्की भी की जाएगी।