इमरजेंसी वार्ड में सुरक्षित पड़े भर्ती बेड। संवाद
पीलीभीत। दिवाली के उत्साह के बीच पटाखों से होने वाले हादसों और प्रदूषित धुएं से स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। आतिशबाजी के दौरान जरा सी चूक किसी को झुलसा सकती है तो पटाखों से निकलने वाला धुआं अस्थमा, दमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किल बढ़ा सकता है। ऐसे में त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल की ओर से तैयारियां पूरी की गई हैं।
जिला अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड अलर्ट मोड पर रखा गया है। जहां त्योहार पर पहुंचने वाले आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके। इसके लिए तीस बेड के साथ पांच अतिरिक्त सुरक्षित बेड से लेकर ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए प्लांट आदि की पूरी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। जले पर लगाने के लिए ट्यूब, पटाखे के धुएं से परेशानी पर श्वसन संबंधी समस्या को लेकर इन्हेलर आदि की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
बर्न वार्ड में बढ़ाई व्यवस्था, शुरू कराई एसी : जिला अस्पताल में अब तक जहां बर्न वार्ड में व्यवस्थाएं काफी खराब देखी गईं। वहीं इस बार बर्न वार्ड में प्राचार्य डॉ. अमित कुमार के निर्देश पर वार्ड को मरीजों के लिए दुरुस्त कर दी गई हैं। वार्ड में बंद पड़ी एसी को शुरू कराया गया है। वहीं मरीजों के लिए मच्छरदानी, वार्ड की साफ-सफाई, नई चादरें, कूड़ादान, शौचालय सफाई आदि की उचित व्यवस्था कराई गई है।