पीलीभीत। आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसे स्वास्थ्य विभाग के तीन लिपिकों पर शिकंजा कसने को एंटी करप्शन टीम गुरुवार को सीएमओ कार्यालय पहुंची। कुछ अभिलेख जुटाए और चली गई। बताते हैं कि सीएमओ के न मिलने के कारण टीम को ज्यादा अभिलेख नहीं मिल सके। टीम जल्द ही फिर आएगी।
14 मार्च को भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली इकाई के निरीक्षक सुरेश दत्त मिश्रा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें सीएमओ कार्यालय में तैनात लिपिक हीरेश सरन सक्सेना पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था। इसके अलावा दो अन्य लिपिक नाहिद खां और नीरज सक्सेना पर पहले से आय से अधिक संपत्ति की रिपोर्ट दर्ज है। इसकी विवेचना भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली इकाई कर रही है। कई बार साक्ष्य जुटाने टीम आ चुकी है। गुरुवार शाम को बरेली भ्रष्टाचार निवारण इकाई के इंस्पेक्टर सुरेश दत्त मिश्रा सीएमओ कार्यालय पहुंचे और अभिलेख खंगाले। सीएमओ जा चुकी थीं, इसलिए टीम को कुछ खास नहीं मिल सका। उधर, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अफसर अनभिज्ञता जताते रहे।