शनिवार को माला कॉलोनी में तेंदुए के पकड़े जाने के बाद दहशत कम भी नहीं
हुई थी कि सोमवार की रात एक अन्य तेंदुआ ने दो बच्चों के साथ दस्तक दे दी।
इससे गांव के लोग घबराए हुए हैं। सूचना पर वनविभाग की टीम मौके पर जांच कर
रही है।
टाइगर रिजर्व की माला रेंज से सटी माला कॉलोनी में शनिवार की
सुबह एक तेंदुआ अनिल पोद्दार के मकान में घुस गया था, जिसे पांच घंटे की
मशक्कत के बाद पकड़कर लखनऊ चिड़ियाघर भेज दिया गया। तेंदुए के पकड़े जाने
से लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन दिलों में उसकी दहशत बनी हुई थी। लोग अभी
इस घटना को भूले भी नहीं थे कि सोमवार की रात लोगों को तेंदुए के दहाड़ने
की आवाज सुनाई दी। इस पर गांव वाले एकत्र हो गए। खोजने पर कॉलानी के पास एक
तेंदुआ दो बच्चों के साथ दिखाई दिया। इस पर लोगों ने शोर-शराबा कर उसे
जंगल में खदेड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार की रात भी तेंदुआ
कॉलोनी निवासी जगदीश के घर में घुसा था और उनके पिल्ले को पंजा मारकर घायल
कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को तेंदुए के पकड़ने जाने के
बाद से लगातार दूसरा तेंदुआ देखा जा रहा है। सूचना पर माला रेंज के
वनक्षेत्राधिकारी डीके सिंह कॉलोनी पहुंचे और लोगों से जानकारी की।
कहीं लखनऊ भेजे गए तेंदुए का परिवार तो नहीं
माला
कॉलोनी से शनिवार को वनविभाग की टीम ने जिस तेंदुए को पकड़कर लखनऊ भेजा
था, वह नर बताया जा रहा है। वहीं सोमवार की रात कॉलोनी में जो तेंदुआ मिला
है, उसके साथ बच्चे भी हैं, जिससे उसके मादा होना प्रतीत हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कॉलोनी पहुंच रहा तेंदुआ और बच्चे लखनऊ भेजे गए
तेंदुए के प्रतीत हो रहे हैं।
तेंदुए के पगमार्क मिले हैं। इसकी
निगरानी को एक वनकर्मी को कॉलोनी में तैनात कर दिया गया है। साथ ही
कॉलोनीवासियों से भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
- डीके सिंह, वनक्षेत्राधिकारी, माला