पीलीभीत में बिलसंडा के कपड़ा व्यापारी हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार किया गया है। वह शाहजहांपुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हत्याकांड में शामिल था।
पीलीभीत के बिलसंडा नगर के बमरौली तिराहे पर कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की हत्या करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया, उसके कब्जे से लोहे का पाइप भी बरामद हुआ है।
विज्ञापन
एक सप्ताह पूर्व बमरौली तिराहे पर कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर साइकिल दुकानदार पंकज कटियार को पीटने और धमकाने आए थे, लेकिन पप्पू के बीचबचाव करने और एक आरोपी को पकड़ने पर दूसरे आरोपी ने गोली मार दी।
इस मामले में पंकज कटियार ने अपने ससुरालीजन के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। पुलिस ने सात सात लोगों को नामजद किया था और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस अभी तक सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
विज्ञापन
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
एसओ सिद्धांत शर्मा ने बताया कि मंगलवार की रात सुहेला भट्टा के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम स्कन्द बताया। वह शाहजहांपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पूर्व में थाना सदर बाजार में प्राथमिकी दर्ज है।