- 69.11 लाख की लागत से बन रहा है अस्पताल भवन
- लिंटर पड़ने के बाद प्लास्टर और अन्य काम हैं बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
मझोला। गिद्धौर में बन रहे राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी है। लिंटर पड़ने के बाद प्लास्टर, फर्श और अन्य काम पूरे करने में लापरवाही बरती जा रही है। हालांकि विभाग के जिम्मेदार निर्धारित समय में निर्माण पूरा होने का दावा कर रहे हैं। अस्पताल का पुराना भवन जर्जर होने से स्वास्थ्यकर्मियों और पशुपालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यहां राजकीय पशु चिकित्सालय का निर्माण वर्ष 1985-86 में कराया गया था। करीब 38 वर्ष पुराने अस्पताल का भवन काफी जर्जर हो गया है। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर पशुपालन विभाग की ओर से बीते वर्ष गिद्धौर में नए भवन के निर्माण को स्वीकृति दी गई थी। भवन निर्माण के लिए 69.11 लाख का बजट स्वीकृत हुआ।
अस्पताल भवन का निर्माण कार्य 27 जनवरी 2024 से शुरू हुआ। शासन की ओर से दो किस्तों में करीब 45 लाख रुपये भी जारी हो गए। काम कराने वाली संस्था ने काम तो शुरू कराया, लेकिन रफ्तार काफी धीमी रही। करीब तीन माह होने को हैं, लेकिन अभी काफी काम बाकी हैं।
प्रतिदिन 15-20 पशुपालक अपने पशुओं को इलाज के लिए अस्पताल लाते हैं। पुराने भवन के जर्जर होने की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या पाठक ने बताया कि कृषि क्षेत्र होने के साथ-साथ किसान पशु पालन भी करते हैं। प्रतिदिन कई पशुपालक अपने पशुओं को लेकर अस्पताल आते हैं। पुराने भवन में पशुओं का इलाज करने में दिक्कत आती है।
-
काम की रफ्तार है धीमी
पशु अस्पताल का निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था। काम की रफ्तार काफी धीमी है। अधिकारियों की उदासीनता दिखाई दे रही है।- सोनपाल राणा, सदस्य ग्राम पंचायत गिद्धौर
पशु चिकित्सालय अब तक बनकर तैयार हो जाना चाहिए था। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी से काम धीमी गति से हो रहा है। - चंद्रपाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लाक अमरिया
निर्माण करा रही संस्था को समय से और मानक के अनुरूप काम कराने के लिए कहा जा रहा है। निर्माण कार्य की निगरानी भी की जा रही है। अब तक शासन से 45 लाख रुपया आया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भवन निर्माण का कार्य पूरा कर सेवाएं शुरू करा दी जाएंगी। - देवेंद्र कुमार गंगवार, जेई
ग्राम गिद्धौर का निर्माणाधीन राजकीय पशु चिकित्सालय ।
ग्राम गिद्धौर का निर्माणाधीन राजकीय पशु चिकित्सालय ।