पीलीभीत/गजरौला। निर्माण कार्य को रुकवाने से नाराज युवक ने अपने अन्य साथियों की मदद से लेखपाल पर हमला कर दिया। लेखपाल की तहरीर पर सर्वेश कुमार व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कलीनगर तहसील में तैनात लेखपाल जुगेंद्र कुमार पुत्र हरी सिंह ने थाना गजरौला पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा गया कि गांव बिनौर स्थित गाटा संख्या चार क्षेत्रफल 27.984 हेक्टेयर माला नदी के नाम अभिलेखों में दर्ज है। उक्त जमीन पर सर्वेश पुरी पुत्र लीलाधर हाल निवासी ग्राम पिंडरा थाना गजरौला पीलीभीत मूल निवासी ग्राम महदखास थाना दियूरिया कला द्वारा एक धार्मिक स्थल का निर्माण कराया जा रहा है।
चार मई 2024 को अवैध रूप से बगैर अनुमति के करवाए गई बोरिंग के कार्य को लेखपाल ने पुलिस के साथ जाकर रुकवा दिया। इसके बाद चारों तरफ पिलर बनाकर सीढ़ियों का निर्माण शुरू कर दिया गया। 24 मई को जब लेखपाल दोबारा उक्त जमीन पर पहुंचा, तो वहां मौजूद सर्वेश पुरी उर्फ सर्वेश शर्मा पुत्र लीलाधर एवं उसके साथ मौजूद अन्य कुछ लोगों ने उसको देखते ही हमला कर दिया।
वह अपनी मोटरसाइकिल और अभिलेख छोड़कर वहां से भागा और गजरौला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।