- पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह पर दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। बेटी होने से नाराज ससुराल वालों ने दोबारा गर्भवती होने पर विवाहिता को गर्भनिरोधक गोलियां खिला दीं। प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता अपने मायके में रहने लगी। बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी देने पर ससुरालियों ने उसे जान से मारने की धमकी। बेटे का दूसरा निकाह किए जाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्षेत्र के ग्राम खमरिया पंडरी निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह तीन वर्ष पूर्व जिला शाहजहांपुर के तिलहर निवासी तस्लीम से हुआ था। शादी के एक साल बाद बेटी के जन्म होते ही ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद वह दोबारा गर्भवती हुई तो ससुरालियों ने उसे जबरदस्ती गर्भ निरोधक दवा खिला दी।
विवाहिता ने यह बात मायके वालों को बताई। विरोध जताने पर ससुराल वालों ने माफी मांगकर समझौता कर लिया। कुछ दिनों बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया। जिसकी बीमारी से मौत हो गई। इसके बाद पीड़िता अपने मायके खमरिया आ गई। दो वर्ष की बेटी की तबीयत खराब होने पर बरेली के निजी अस्पताल में इलाज कराया।
उस समय ससुराल पक्ष से कोई देखने नहीं आया। विवाहिता के मायके के लोगों ने इसकी जानकारी उसकी ससुराल में दी तो ससुरालियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। कहा कि वह अपने पुत्र की दूसरी जगह शादी करा देंगे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति तस्लीम, सास खलशुन निशा, ससुर मोहम्मद सलीम, देवर नदीम व नसीम और ननद रुबीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00000
दहेज की खातिर विवाहिता को पीटा
पूरनपुर। दहेज की मांग को लेकर सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज निवासी रमनदीप कौर की ससुरालियों ने पिटाई की। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष को गाली-गलौज कर पीटा। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस पहुंचने पर आरोपी भाग गए। हजारा पुलिस ने रमनदीप कौर के पति सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज निवासी गुरमीत कौर ने बताया कि उसने अपनी भतीजी रमनदीप कौर की शादी एक साल पहले गांव बाजारघाट निवासी राजू उर्फ राजेंद्र के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ससुराली दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर रमनदीप को प्रताड़ित किया जाने लगा।
23 अप्रैल को ससुरालियोंं ने रमनदीप कौर की पिटाई कर दी। सूचना पर मायके पक्ष के लोग रमनदीप की ससुराल पहुंचे और विरोध किया। आरोप है कि तब रमनदीप के ससुरालियों ने गाली-गलौज कर उनकी पिटाई की। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।
गुरमीत कौर ने बताया कि घटना की सूचना मोबाइल पर पुलिस को दी। पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी भाग गए। हजारा पुलिस ने गुरमीत कौर की ओर से रमनदीप कौर के पति राजू उर्फ राजेंद्र, जेठ गुरमुख सिंह, ससुर गुरभजन सिंह, सास हुकम कौर, चचेरे देवर कमल सिंह, चचिया ससुर बलवीर सिंह, चचिया सास लाडिको कौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद