मझारा क्षेत्र में धान क्रय केंद्र न खोले जाने के विरोध में किसानों ने आरएफसी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
तराई के मझारा में लंबे अरसे से आरएफसी का धान क्रय केंद्र लगाया जाता है, लेकिन इस बार यहां क्रय केंद्र अभी तक नहीं खोला जा सका। इसको लेकर किसानों ने आरएफसी के केंद्र प्रभारी व ठेकेदार से संपर्क किया। इस पर उन्होंने किसानों को दो दिन के भीतर क्रय केंद्र शुरू करने का आश्वासन दिया। कई दिन बीतने के बाद भी केंद्र नहीं खुल सका। आक्रोशित किसानों ने बृहस्पतिवार को मझारा गुरुद्वारे के समीप आरएफसी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्यमंत्री हेमराज वर्मा, विधायक पीतमराम व डीएम को पत्र भेजकर जल्द क्रय केंद्र खुलवाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में बलदेव सिंह, सरजीत सिंह, दलवीर सिंह, जसवीर सिंह, ज्ञान सिंह, गुरपेज सिंह, गुरुलाल सिंह आदि किसान शामिल रहे।