पूरनपुर। असम हाईवे के किनारे खेतों में संरक्षित पशुओं के अवशेष मिलने पर अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल व राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया। सूचना पर सीओ प्रतीक दहिया और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सक से जांच के बाद कार्यकर्ताओं ने अवशेषों को दफन करा दिया।
गोसेवा जिला प्रमुख शिवम सिंह भदौरिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव सबलपुर के पेट्रोल पंप के समीप एक खाली घर में रात को संरक्षित पशुओं की हत्या और अवशेषों को समीप के खेत में फेंकने की सूचना मिली। गांव के बृजेश सिंह तोमर, आकाश पांडेय, बबलू पांडेय, दीनू मौर्य आदि के साथ खाली घर के समीप खेतों में पहुंचने पर सात एकड़ एरिया में पड़े संरक्षित पशुओं के अवशेष मिले।
उन्होंने बताया कि तीन संरक्षित पशुओं की हत्या कर 45 से अधिक अवशेष खेत में मिले। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस और सीओ को दी गई। सीओ प्रतीक दहिया और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई। इसके बाद धनंजय मिश्रा, सत्यम भारद्वाज, रामसेवक, रमन पांडेय, तरूण पांडेय आदि के साथ मिलकर अवशेष को एकत्र कर दफन कराया। उन्होंने बताया कि संरक्षित पशुओं की निगरानी को नई टीम का भी गठन किया गया। सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि तहरीर मिली है। कोतवाली पुलिस को तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।