बीसलपुर। एसडीएम की नाराजगी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस से मरीज लेने पहुंची। चुर्रा सकतपुर क्षेत्र की एक गर्भवती महिला को बृहस्पतिवार सुबह प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना था। इसके लिए परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंबुलेंस भिजवाने के लिए कहा था।
स्वास्थ्य विभाग के एक जिम्मेदार अधिकारी ने बाढ़ होने का बहाना बनाते हुए एंबुलेंस नही भेजी। एंबुलेंस न आने पर परिजन जान जोखिम में डालकर गर्भवती महिला को चारपाई पर लिटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे।
मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जिम्मेदारों से नाराजगी जताई। इसके बाद एसडीएम और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार एंबुलेंस लेकर मौके पर गए। अधिकारियों ने गर्भवती महिला को एंबुलेंस से लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस बाबत स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने बताया कि मार्ग पर पानी भरा होने के कारण एंबुलेंस चालक जा नहीं रहा था। बाद में एसडीएम के कहने पर वह स्वयं अपने जोखिम पर एंबुलेंस ले गए और महिला को केंद्र पर आए। जहां उसका सुरक्षित प्रसव कराया गया। संवाद