अपनी मांगों पर अडिग आंगनबाड़ी वर्कर्स का धरना रविवार को भी जारी रहा। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने पल्स पोलियो कार्यक्रम का बहिष्कार कर नेहरू पार्क में धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिला आंगनबाड़ी संघ के तत्वावधान में आंगनबाड़ी वर्कर्स रविवार को पोलियो कार्य में न जाकर नेहरू पार्क पहुंचीं। यहां सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। तय किया गया कि अब आंगनबाड़ी वर्कर्स केवल जिला मुख्यालय पर आंदोलन तक ही समिति नहीं रहेंगी। लखनऊ में एकत्र होकर मुख्यमंत्री का घेराव किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में मंजू राठौर, परवीन, गीता चौधरी, प्रभा, प्रेमलता, सुषमा, प्रीति, गायत्री, हेमलता, लज्जा, कुसुमलता, नाजमा, सुनील, आसमां जबीं, रानी, पुष्पा सागर आदि शामिल रहीं।
बीसलपुर। आंदोलन कर रही आशा और आंगनबाड़ी वर्कर्स जुलूस के रूप में बारह पत्थर चौराहे पर पहुंचीं और चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे एसडीएम बीपी सिंह व सीओ ब्रह्मपाल सिंह ने समझाकर जाम खुलवाया। इसको लेकर आंगनबाड़ी की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। जाम और प्रदर्शन करने वालों में ममता, नन्हीं देवी, हीराकली, कुरैशा, इशरत, सोमवती, रामश्री, जमुना देवी, रामबेटी, नन्हीं देवी, नसीम बानों, माधुरी, रीना पाठक, तारा देवी, नीलम, सुनीता, फरहत, ज्योति सक्सेना, पूनम, अनीता सुमन, पुष्पा आदि शामिल रहीं।