बीमारियों के इस दौरान में जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर काफी हो-हल्ला हो रहा है, लेकिन हालात सुधारने पर किसी का ध्यान नहीं है। रविवार को खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने अस्पताल में अचानक छापा मार तो उनके सामने भी सारी पोल खुल गई। वार्ड में पंखे न चलने से मरीज और तीमारदार बेहाल दिखे तो स्टाफ रूम में पंखे बखूबी चलते मिले। पूर्वाह्न 11 बजे तक अस्पताल में न सफाई हुई थी और न ही बेड की चादरें बदली गई थीं। डेंगू वार्ड बंद मिला, जबकि डेंगू का संभावित मरीज इमरजेंसी में भर्ती था। तमाम अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। मौके पर एडीएम को बुलाकर उन्हें भी व्यवस्था देखने को कहा। एडीएम पहुंचे तो उन्होंने महिला अस्पताल के उपस्थिति रजिस्टर सहित तमाम अभिलेख कब्जे में ले लिए।
राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने सपा जिलाउपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर के साथ रविवार को दिन में 11 बजे अचानक जिला अस्पताल में छापा मारा। सबसे पहले वह इमरजेंसी पहुुंचे। यहां सफाई नहीं हुई थी और चादरें भी गंदी थीं। वार्ड के पंखे नहीं चल रहे थे, जबकि स्टाफ अपने कमरे में इंवर्टर से पंखा चलाकर बैठा था। यहां डेंगू का एक मरीज भी भर्ती बताया गया, जबकि डेंगू के लिए अलग से बना छह बिस्तरों का वार्ड बंद था। इमरजेंसी के बाद वह वार्ड में पहुंचे। यहां भी अव्यवस्थाएं थीं। चादरें नहीं बदली गई थीं और मरीज गर्मी से परेशान थे। पुरुष जिला अस्पताल के बाद वह महिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं था। चिकित्सक कक्ष में पंखे चल रहे थे, जबकि बाकी वार्डों में मरीज हाथ से पंखा झल रहे थे। पूरा स्टाफ भी मौजूद नहीं था। अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर उन्होंने एडीएम को भी अस्पताल में बुलवा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. आरसी शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को देने का हर संभव प्रयास कर रही है। शासन से इसके निर्देश भी हैं, इसके बाद भी अस्पताल में अव्यवस्थाओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर निरीक्षण किया गया है। जो अव्यवस्थाएं मिली, उसके लिए एडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शासन की मंशा के विपरीत काम करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। निरीक्षण की रिपोर्ट विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री व शासन को भी अलग से भेजेंगे।
- हेमराज वर्मा, राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद विभाग
000000
निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलीं हैं। महिला अस्पताल का उपस्थिति रजिस्टर व अन्य अभिलेख कब्जे में लिए गए हैं। सारी स्थिति से डीएम को अवगत कराया गया है। रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपी जाएगी। आगे की कार्रवाई उन्हीं के स्तर से की जाएगी।
- अजय कांत सैनी, एडीएम