पूरनपुर। नगर में शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनेगा। वहीं, इसके दायरे में आ रहे निर्माण को हटाया जाएगा। शुक्रवार को शाहजहांपुर से आई सेतु निगम की टीम ने नगर पालिका समेत कई विभागों के अधिकारियों के साथ सर्वे किया। टीम ने बिजली निगम के अफसरों को हद में आने वाले खंभे, तार, ट्रांसफाॅर्मर हटाने के लिए कहा और नगर पालिका को डिवाइर, लाइटें भी हटवाने के लिए एस्टीमेट बनाकर देने को कहा गया है। इसके अलावा माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग के लिए पहले से ही ओवरब्रिज बनाने को मंजूरी मिल गई है।
नगर में माधोटांडा और शेरपुर रोड पर रेलवे क्राॅसिंग के कारण अक्सर जाम लगता है। माधोटांडा क्राॅसिंग से उत्तराखंड को और शेरपुर क्रासिंग से नेपाल, लखीमपुर, पलिया तक आवागमन करने वाले वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा दोनों क्राॅसिंग के कई गांव के लोगों, नगर पालिका के पांच वार्ड और पूरनपुर देहात के लोगों का आवागमन होता है।
दोनों क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से चल रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड को इस संबंध में पत्र भेजा भेजा। पिछले दिनों रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य ब्रिज आलोक त्रिवेदी माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृत को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री को पत्र भेजा था। इसमें निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड (यूपीएसबीसीएल) द्वारा स्वीकृति की प्रक्रिया में होने और इसका निर्माण कार्य कराने, 15 जनवरी को रेलवे की ओर से 13.46 करोड़ रुपये आंकलित करके अग्रिम कार्यवाही को भेज दिए जाने की जानकारी दी थी। इसके साथ शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग पर भी ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू की गई है। संवाद
लगाए गए क्रॉस के निशान
शुक्रवार को शाहजहांपुर से आई सेतु निगम की टीम ने बिजली, नगर पालिका, वन विभाग के कर्मचारियों के साथ सर्वेे किया। जिस स्थान से सेतु बनना है। उस स्थान पर और सड़क के मध्य से 11-11 मीटर दोनों ओर आने वाली दुकानों, भवनों पर क्राॅस के निशान लगाए। उप खंड अधिकारी (बिजली) मोहित गुप्ता ने बताया कि सेतु निगम की टीम ने ओवरब्रिज निर्माण में आड़े आने वाली बिजली लाइनें, खंभे, ट्रांसफाॅर्मरों को शिफ्ट कराने को कहा। नगर पालिका अफसरों से डिवाइडर आदि हटाने को एस्टीमेट बनाकर देने को कहा है।
-
दर्जनों दुकानें हटेंगी
सेतु निगम ने सर्वे के उसकी हद में आने वाली दुकानों, भवनों के अलावा रामलीला मेला की दीवार, एक कॉलेज की दीवार पर क्राॅस के निशान लगाए। क्राॅस के निशानों से दुकानदारों और भवन स्वामियों में हलचल रही। दुकानें, भवन हटने का उनको मुआवजा मिलेगा या नहीं, इसको लेकर लोग चिंतित दिखे। सर्वे के दौरान टीम ने रेलवे क्राॅसिंग के दोनों ओर सड़क पर 425-425 मीटर की दूरी पर क्राॅस का निशान लगाए। कई घरों के चबूतरों पर भी क्राॅसिंग के निशान लगाए गए।
विधायक पूरनपुर और अन्य जनप्रतिनिधि शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे। इसको लेकर शुक्रवार को सर्वे टीम भेजी गई थी। टीम ने नगर पालिका, बिजली निगम, वन विभाग और रेलवे के अफसरों के साथ मिलकर सर्वे किया है। इसमें देखा गया कि खंभा, डिवाइडर आदि कहां शिफ्ट होंगे। कौन-कौन से भवन, दुकानें इसकी जद में आ रही है। इनको चिह्नित किया गया है।
- आशीष निर्वाल, एसडीओ, सेतु निगम