पीलीभीत। रूट डायवर्जन के कारण नौगवां चौराहे से रोडवेज डिपो की ओर बसें नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में चालक-परिचालकों का वहां तैनात पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। इससे डिपो को भी करीब पांच लाख रुपये से अधिक के राजस्व का नुकसान हुआ।
शहर के रोडवेज डिपो पर पर्याप्त जगह न होने से नौगवां चौराहे से बसों का संचालन किया जाता है। सावन को देखते हुए नौगवां चौराहे से बसों का रूट डायवर्जन किया गया। ऐसे में सावन के पहले सोमवार को नौगवां चौराहे से वाहनों को ईदगाह रेलवे क्रॉसिंग और एकता सरोवर मार्ग से डायवर्ट किया गया। रोडवेज की बसें भी डिपो पर डीजल लेने के लिए यहां से ही पहुंचती हैं।
सोमवार सुबह दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, बरेली सहित अन्य शहरों को जाने वाली करीब 50 से अधिक बसों को रोडवेज डिपो पर डीजल लेने के लिए नहीं जाने दिया गया। ऐसे में रोडवेज डिपो के चालक-परिचालक यूनियन के पदाधिकारियों की चौराहे पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बसों को डीजल न मिल पाने के बसें अपने गंतव्य को रवाना नहीं हो सकीं। इससे यात्रियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। डिपो को भी नुकसान हुआ।
एआरएम प्रांशु पाठक ने बताया कि बसों को डीजल न मिलने के कारण सुबह जाने वाली काफी बसों का संचालन प्रभावित हुआ। दोपहर के बाद इन बसों को गंतव्य के लिए भेजा जा सका। संवाद