शहर में मंडी समिति गेट के सामने इसी स्थल पर हो रहा था निर्माण। स्रोत-बसपा
पीलीभीत। शहर में कृषि उत्पादन मंडी समिति गेट के सामने स्थित मैदान में आंबेडकर पार्क के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आरोप बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने लगाया। इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी (सदर) से की गई। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। इसके बाद राजस्व व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
बसपा जिलाध्यक्ष मुन्नालाल कश्यप के अनुसार, मंडी समिति गेट के सामने स्थित मैदान पर आंबेडकर पार्क के लिए कुछ भूमि काफी समय से आरक्षित है। इस भूमि पर कब्जा करके निर्माण कार्य शुरू कराए जाने की उन्हें जानकारी मिली। इस पर पार्टी के अन्य नेताओं, मुख्य मंडल प्रभारी रामसनेही गौतम एडवोकेट, पूर्व जिलाध्यक्ष एलपी सागर आदि के साथ उन्होंने सदर की उपजिलाधिकारी से इस मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पर एसडीएम ने एसपी को मामले से अवगत कराया। दोपहर में राजस्व व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य फिलहाल रुकवा दिया है। साथ ही राजस्व विभाग की ओर से होली पर्व के बाद अंबेडकर पार्क के लिए आरक्षित भूमि की नाप कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद