पूरनपुर। असम हाईवे पर घायल मिले गांव कपूरपुर के प्रधान के भाई अरुन कुमार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। प्रधान ने पिटाई कर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
गांव कपूरपुर निवासी अरुन कुमार पाल (32) बुधवार शाम चार बजे असम हाईवे पर गांव खमरिया पट्टी के समीप घायल हालत में मिले थे। पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में अरुन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन अरुन को शव घर ले आए।
मृतक के भाई प्रधान दिनेश कुमार पाल ने पुलिस को भाई की हत्या होने की जानकारी दी। दिनेश ने पुलिस को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि उसका भाई अरुन बुधवार को एक राइस मिल में बैंक खाता नंबर देने बाइक से गया था। आरोप है कि रास्ते में गांव खमरिया पट्टी के चार युवकों से उसके भाई का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद पर चारों युवकों ने भाई की जमकर पिटाई कर दी।
प्रधान ने भाई की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन शर्मा ने बताया अरुन की मौत बाइक से गिरकर घायल होने से हुई है। बताया कि घटनास्थल पर बाइक से गिरे अरुन को कुछ लोगों ने उठाने की कोशिश की थी। शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।