कलीनगर। तहसील परिसर में साथियों के साथ घूम रहे लेखपाल पर तहसील के ही संग्रह अनुसेवक ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। लोहे की रॉड से सिर पर प्रहार करने से लेखपाल गंभीर घायल हो गए। इसके बाद भी आरोपी ने पैर से उसका गला दबाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया और मामले में रिपोर्ट दर्ज की।
कलीनगर तहसील में तैनात लेखपाल दीपक कुमार मौर्य ने माधोटांडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि 31 मार्च को रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने साथी लेखपाल वेदप्रकाश, अंकित गुप्ता व अमीन धर्मराज तहसील परिसर में घूम रहे थे। आरोप है कि इस दौरान संग्रह अनुसेवक (चपरासी) ओमप्रकाश गाली-गलौज करने लगा। जब उन लोगों ने गालीगलौज का विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी आरोपी नहीं माना और पैर रखकर गला घोंटने का प्रयास किया। साथियों ने बमुश्किल उसे बचाया और मामले की सूचना कलीनगर चौकी पुलिस और तहसीलदार को दी। आरोपी अपने तहसील स्थित आवास पर धारदार हथियार रखे होने की बात कहकर धमकाने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को माधोटांडा सीएचसी ले जाकर मेडिकल कराया।
थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम प्रमेश कुमार ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही है। इसके बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद