पीलीभीत। दियूरिया रेंजर पर एक बार फिर वनकर्मी का उत्पीड़न करने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा रहा है। वायरल हुए ऑडियो में वनरक्षक ने रेंजर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इधर, इस मामले में डिप्टी डायरेक्टर ने उत्पीड़न के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने वन रक्षक की गुहार पर उसे दियूरिया रेंज से हटाकर बराही रेंज भेजा है।
पीटीआर की दियूरिया रेंज के रेंजर वीके गुप्ता अपनी कार्यशैली को लेकर पिछले कुछ समय से सुर्खियों में हैं। पिछले माह उनके द्वारा दो वॉचरों से अभद्रता करने के मामला खासा तूल पकड़ गया था। वॉचरों ने धरना प्रदर्शन कर रेंजर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर रेंज कार्यालय पर तालाबंदी भी कर दी थी। हालांकि पांचवें दिन पीटीआर मुख्यालय पर डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल की मौजूदगी में दोनों पक्षों की वार्ता के बाद मामला शांत हो गया था। इधर, एक बार फिर दियूरिया रेंजर सुर्खियों में है। रेंज के ही एक वनरक्षक ने उन पर तीन माह से उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस मामले का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वनरक्षक ने रेंजर पर बिना वजह उत्पीड़न करने की बात कहते हुए खुद को किसी अन्य रेंज में भिजवाने की गुहार लगाई। वायरल हुए ऑडियो में वनरक्षक ने बताया कि वह इसको लेकर डिप्टी डायरेक्टर से मिलने के प्रयास में था, इसका पता रेंजर को चल गया और उन्होंने किसी अन्य से फोन करवाकर सैलरी रोक देने की चेतावनी दी। मामले की जानकारी डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल को हुई। उन्होंने मामले की पड़ताल की। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि उत्पीड़न की बात निराधार है। विभागीय कार्य को लेकर कोई बात हुई थी। फिलहाल वनरक्षक की रिक्वेस्ट पर उसे दियूरिया से बराही रेंज स्थानांतरित कर दिया गया है।
आरोप निराधार हैं। कर्मचारी फईम पर कुछ दिन पूर्व विभागीय कार्रवाई की गई थी। इसी के चलते वह मनगढ़त आरोप लगा रहा है।
- वीके गुप्ता, रेंजर, दियूरिया रेंज