बरेली। परिषदीय स्कूलों की 40वीं जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। जिला व्यायाम शिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग की कबड्डी में आलमपुर ब्लॉक की टीम ने बाजी मारी, जबकि क्यारा दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग कबड्डी में नवाबगंज प्रथम और फतेहगंज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वॉलीबॉल में क्यारा का दबदबा रहा। दमखोदा को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। खो-खो बालिका वर्ग में आलमपुर की टीम प्रथम रही। लंबी कूद में फरीदपुर के प्रियांशु और बालिकाओं में आलमपुर की अर्चना ने बाजी मारी।
उच्च प्राथमिक स्तर पर लंबी कूद में मझंगवा के कमल सिंह और बालिकाओं में भोजीपुरा की अवंतिका ने स्वर्ण पदक झटका। चक्का फेंक में भुता के अनिकेत और शेरगढ़ की लता ने बाजी मारी। गोला फेंक में आलमपुर के अर्जुन और उषा ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज की। पीटी और व्यायाम प्रदर्शन में नवाबगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इससे पहले कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी देवयानी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने किया। सीडीओ ने छात्र-छात्राओं को खेल भावना, एकता और निष्पक्षता की शपथ दिलाई। बीएसए ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। रैली संयोजक मुकेश कुमार भारती ने खिलाड़ियों से शुचिता के साथ प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया। संवाद