असम हाईवे पर पूरनपुर गेट पुलिस चौकी के पास मंगलवार को सिद्धबाबा मंदिर को तोड़ दिए जाने के मामले में बुधवार को जिला प्रशासन से वार्ता विफल होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फिर भड़क उठा। देर शाम सैकड़ों की भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस को भी पथराव कर खदेड़ दिया। सड़क किनारे खड़ी पुलिस की तीन बाइकों को फूंक दिया और एक बाइक को बुरी तरह तोड़ डाला। सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी और एडीएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे जिसके बाद बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से खदेड़ा गया। छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। तनाव देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अफसर फोर्स के साथ मौके पर ही रुके हुए हैं।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स ने आसाम हाईवे पर बना सिद्धबाबा मंदिर मंगलवार को तुड़वा दिया था। प्र्रशासन के मुताबिक यह मंदिर अतिक्रमण कर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बना लिया गया था। मंदिर तोड़ने से भड़के कई गांवों के लोगों ने मंगलवार को आसाम हाईवे पर जाम लगा दिया था। लोग मंदिर के दोबारा निर्माण के साथ पुजारी से मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के अफसरों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कराकर उनकी मांगें पूरी कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया था। बुधवार को कई हिंदू नेताओं के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीण डीएम शीतल वर्मा से मिले लेकिन डीएम ने उनकी मांगें मानने से साफ इन्कार कर दिया।
डीएम के इन्कार से भड़के लोग सैकड़ों महिला-पुरुष बुधवार देर शाम लाठी-डंडे लेकर फिर हाईवे पर इकट्ठे हो गए और मंदिर के सामने जाम लगा दिया। मौके पर तैनात पुलिस फोर्स की सूचना पर इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाने की कोशिश की तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज करने की कोशिश की लेकिन फोर्स कम होने के कारण भीड़ उस पर हावी हो गई और पथराव करते हुए उसने पुलिस को ही पीछे खदेड़ दिया। गुस्साए लोगों ने सड़क किनारे खड़ी पुलिस की चार बाइकें तोड़ दीं और तीन बाइकों को हाईवे पर डालकर उनमें आग लगा दी। दो बाइकों की डिग्गी में पुलिस वालों के मुकदमों से संबंधित अभिलेख थे जिन्हें भीड़ ने फाड़कर सड़क पर फेंक दिया। बवाल की सूचना पर एसपी देवरंजन वर्मा, एडीएम एके सैनी, सीओ सदर धर्म सिंह मार्छाल, सिटी मजिस्ट्रेट राजितराम प्रजापति भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे जिसके बाद बल प्रयोग कर पथराव कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ दिया।
कोट्स
भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर कई वाहनों में आगजनी कर दी। मौके से कुछ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस बल के साथ मैं मौके पर ही मौजूद हूं। उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- देवरंजन वर्मा, एसपी