कार्यकर्ता के परिवार वालों के साथ की गई मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई न होने के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने ब्लाक कार्यालय परिसर में पुलिस के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह के दो दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके बाद पंचायत हुई। इसमें विभिन्न समस्याओं को लेकर रोष जताया गया। पंचायत के बाद डीएम को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम के स्टेनो को सौंपा गया।
ब्लाक कार्यालय परिसर में एकत्र हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि भाकियू नेता सुल्तान खां के परिवार वालों से हुई मारपीट में अब तक न्याय नहीं मिला। पुलिस उल्टे आरोपियों से ही मिल गई। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। पंचायत में नगर चौकी इंचार्ज और भाकियू नेता सुल्तान खां से सुविधा शुल्क की मांग करने वाले कांस्टेबिल को न हटाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस दौरान वार्ता को पहुंचे इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने भाकियू नेता के मामले को स्वयं देखने और दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके बाद हुई पंचायत में ग्रामीण क्षेत्र में खराब बिजली सप्लाई, जंगल किनारे के किसानों के उत्पीडन, नकली उर्वरक और कीटनाशकों की बिक्री पर रोष व्यक्त किया गया। पंचायत के बाद डीएम को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम के स्टेनों को सौंपा गया। पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने और संचालन मंडल सचिव रामकुमार भोजवाल ने किया। पंचायत में सतविंदर सिंह कहलो, रामकुमार भोजवाल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, डॉ. हरपूर सिंह, सूरत सिंह फौजी, सुल्तान खां, दन्नू लाल राठौर, स्वराज सिंह, नागेंद्र सिंह, दाताराम आदि ने विचार रखे।