- केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने की मरौरी के प्रधानों के साथ बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा प्रधान बेरोजगारों को गांव में छोटे-छोटे काम शुरू कराकर आत्मनिर्भर बनाए। इसके लिए वह उनके द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षणों में प्रतिभाग कर काम की बारीकियां भी सीख सकते हैं।
संसदीय कार्यालय के बाहर मैदान पर मरौरी के प्रधान और बीडीसी सदस्यों के साथ बैठक कर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सभी के सम्मान के लिए काम कर रही है। गांव और कस्बों में छोटे-छोटे काम करने वालों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बैंकों से ऋण प्राप्त कर अपने काम को बढ़ाकर आमदनी बढ़ा सकते हैं। वहीं स्वयं उनके द्वारा जिले में मशरूम उत्पादन, मेंहदी उत्पादन, जलकुंभी से चटाई एवं अन्य फैंसी आइटम आदि बनाने का नि:शुल्क देने की व्यवस्था की गई है। युवा इन कार्यों का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके अलावा पढ़े लिखे युवाओं को कंप्यूटर एवं अन्य ट्रेडों के प्रशिक्षण दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानों से अपने गांव के विकास के लिए योजनाएं बनाकर देने को कहा ताकि वह अपने स्तर से काम कर सकें।
इस दौरान उन्होंने प्रधान व बीडीसी सदस्यों से एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जेपीएस राठौर को वोट देने की अपील की। इस मौके पर देवेंद्र सिंह टोनी, ऋषिपाल, संजय गंगवार, जेवी सिंह, रेखा सिंह परिहार, स्वामी प्रवक्तानंद, प्रदीप कुमार लल्लन, अश्वनी कुमार, प्रमोद अग्रवाल सहित कई लोग थे।
रिक्शा चालकों ने सौंपा ज्ञापन
प्रधानों की बैठक के बाद शहर के रिक्शा चालकों ने ई रिक्शा चालकों के खिलाफ केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर सुनगढ़ी पुलिस ने ई रिक्शा चालकों के शहर की गलियों व स्टेशन रोड पर घुसने पर रोक लगा दी थी, लेकिन एक सप्ताह बाद ई रिक्शा पुन: शहर के अंदर चलने लगे। ऐसे में पैडल रिक्शा चालकों के आगे रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।