बिलसंडा में ब्लॉक कार्यालय गेट पर एसडीएम को ज्ञापन देते कार्यकर्ता। स्रोत- कार्यकर्ता
बिलसंडा। सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जब ज्ञापन लेने के लिए खंड विकास अधिकारी नहीं पहुंचे तो नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम के समझाने के बाद जाम खुला।
शनिवार को सवर्ण आर्मी के कई कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर ब्लॉक कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि एससी, एसटी अधिनियम को समाप्त किया जाए। जातिगत आरक्षण भी समाप्त किया जाए। सवर्ण आयोग का गठन किया जाए। अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपने के लिए बुलाया।
आरोप है कि खंड विकास अधिकारी उनका ज्ञापन नहीं लेने पहुंचे। इस पर सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय के गेट के सामने बीसलपर रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक रोड जाम रहा। सूचना के बाद कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद मौके पर सीओ बीसलपर प्रगति चौहान और एसडीएम नागेंद्र पांडेय पहुंचे। एसडीएम ने कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन एसडीएम को सौंप दिया। इस दौरान सुमित शर्मा, पवन शुक्ला, विभांशु शुक्ला, हिमांशु मिश्रा, मुकेश समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शनिवार को थाना दिवस में मौजूद था। सूचना के बाद ज्ञापन लेने को प्रभारी एडीओ पंचायत को भेजा गया था।
- अमित शुक्ला, खंड विकास अधिकारी