गांव भीकमपुर में रोड पर शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम।संवाद
बिलसंडा। सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में पोस्टमाॅर्टम के बाद शव लेकर लौट रहे परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। दोनों के शव रखकर हंगामा किया।
अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने से खफा परिजन मुकदमे में आरोपी का नाम शामिल करने और गिरफ्तारी की मांग पर अड़ थे। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। बिलसंडा क्षेत्र में गांव भीकमपुर में बृहस्पतिवार सुबह हादसे में तीन युवक घायल हो गए थे। इनमें मुंशीलाल और बिल्लू की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए थे। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर जाते समय बिलसंडा क्षेत्र में भीकमपुर गांव के निकट पहुंचने पर परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
परिजनों का कहना था कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, जबकि तहरीर नामजद दी गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन हंगामा करने लगे। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। थाना पुलिस के समझाने पर परिजन नहीं माने। इसके बाद सीओ प्रतीक दहिया मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की।
मुकदमे में आरोपी का नाम शामिल करने का आश्वासन देकर परिजनों को मनाया। इसके बाद परिजन शव घर ले गए। पुलिस ने मशक्कत के बाद हाईवे से जाम हटवाया। सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।