गांव कबीरगंज निवासी मलकीत सिंह का शव कनाडा निवासी मित्र बिल्ला लेकर रविवार को उसके घर पहुंचे। सोलह दिन बाद शव घर पहुंचने पर मलकीत के परिवार वालों में कोहराम मच गया।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव कबीरगंज बल फार्म निवासी जसवंत सिंह का छोटा पुत्र मलकीत सिंह करीब साढ़े पांच साल पहले अपने दो मित्रों के साथ कनाडा में होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने गया था। कोर्स पूरा होने पर उसे वहीं जॉब मिल गया और दोस्तों से अलग रहकर काम करने लगा। मलकीत सिंह की तीन अप्रैल को कनाडा में संदिग्ध हालत मेें मौत हो गई थी। मलकीत के पिता ने उसके मित्र रमन को शव घर लाने को कहा। इसके लिए रमन को अधिकृत करने की औपचारिकता पूरी की गई। रविवार को कनाडा निवासी मलकीत का मित्र बिल्ला उसका शव घर लेकर घर पहुंचा। मलकीत का शव घर पहुंचते ही उसके परिवार वालों में कोहराम मच गया। घर के समीप ही एक स्थान पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि मलकीत के पिता जसवंत सिंह ने दी।
मिलनसार था मलकीत
कनाडा निवासी बिल्ला ने बताया कि मलकीत मिलनसार स्वभाव का था। उसके कनाडा पहुंचने पर कुछ दिनों बाद ही उसकी उससे मित्रता हुई थी। उसने बताया कि कनाडा पुलिस को मलकीत के कमरे में एक सोफा पर उसका शव मिला था। पोस्टमार्टम और सारी औपचारिकताएं पूरी होने पर शव रमन को सौंपा गया। रमन ने शव को घर तक पहुंचाने को उसे भेजा है।