मैगी के बाद अब अन्य कंपनियों के नूडल्स की जांच भी शुरू की गई है। इसमें
जिले के लिए वाई-वाई नूडल्स की जांच के आदेश शासन से मिले हैं। शनिवार को
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में छापेमारी कर वाई-वाई नूडल्स के
नमूने लिए। इसको लेकर बाजार में हड़कंप मचा रहा।
मैगी में गड़बड़ी की
शिकायत पर पूरे देश में अभियान चलाकर जांच और कई प्रदेशों में उस पर
प्रतिबंध के बाद शासन नूडल्स को लेकर गंभीर हुआ है। सुरक्षा के लिहाज से
अन्य कंपनी के नूडल्स की जांच का आदेश मिलने पर शनिवार को खाद्य निरीक्षक
राजेश गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने शहर के मोहल्ला डोरीलाल स्थित सेठी
एजेंसी पर छापा मारा। यहां शासन से बताई गई कंपनी के नूडल्स मिले। खाद्य
सुरक्षा टीम ने एजेंसी स्वामी त्रिलोक सिंह से इसकी खरीद से संबंधित
अभिलेखों की जानकारी की, साथ ही इसके नमूने भी लिए। खाद्य निरीक्षक ने
बताया शासन ने सभी जिलों को अलग अलग प्रोडक्ट की जांच की जिम्मेदारी सौंपी
है। पिछले दो दिन से वाई-वाई नूडल्स की तलाश की जा रही थी। नमूना लेकर जांच
को भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।