पूरनपुर। निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की हालत खराब हो गई। गंभीर हालत में उसे पीलीभीत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रसूता के ससुर ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर प्रसव कराने वाले लोगों की लापरवाही और संक्रमित उपकरण के प्रयोग से पुत्रवधू की हालत खराब होने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग की गई है।
मोहल्ला रजागंज देहात निवासी मोहम्मद जीशान ने की गई शिकायत में कहा है कि प्रसव पीड़ा के चलते पुत्रवधू को प्रसव के लिए सीएचसी लाया जा रहा था। ब्लाॅक रोड पर मिले कुछ लोगों ने उसे एक निजी अस्पताल में भेज दिया। निजी अस्पताल के चिकित्सक ने 25 हजार रुपये खर्चा होने की जानकारी देकर 13 हजार रुपये जमा करा लिए।
प्रसव के बाद उसकी पुत्रवधू की हालत खराब हो गई। उसे पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया। जीशान का आरोप है कि निजी चिकित्सक किसी दूसरे की डिग्री पर प्रैक्टिस करते है। अप्रशिक्षित महिलाओं से प्रसव कराए जाते है। चिकित्सक की लापरवाही और संक्रमित उपकरण के प्रयोग से उसकी पुत्रवधू की हालत खराब हुई है। कार्रवाई की मांग की गई है।