बीसलपुर तहसील परिसर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।संवाद
बीसलपुर। मुकदमों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसील परिसर में उनके विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की। इसके साथ ही वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
एडीएम ऋतु पुनिया ने करीब एक सप्ताह पूर्व सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को उनके न्यायालय में लंबित मुकदमों को जल्दी से जल्दी निस्तारित करने के निर्देश दिए थे। इन अधिकारियों ने एडीएम के आदेश का पालन करने के क्रम में अपने-अपने न्यायालय में लंबित मुकदमों का तेजी से निस्तारण करना शुरू कर दिया।
इन अधिकारियों ने एक-एक दिन में कई-कई मुकदमों की तारीख लगानी शुरू कर दी। अधिवक्ताओं ने एडीएम के इस आदेश को अव्यवहारिक बताते हुए मंगलवार को तहसील परिसर में उनके विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का कहना था कि यहां के छोटे-छोटे भवनों में न्यायालय संचालित हैं।
ऐसी स्थिति में वादकारियों और उनकी पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं को काफी ज्यादा दिक्कत होगी। आधा घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद अधिवक्ताओं ने आपातकालीन बैठक की और एडीएम के इस आदेश को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी। अधिवक्ताओं ने लिए गए इस निर्णय की लिखित जानकारी सभी स्थानीय न्यायालयों को दे दी। इस मौके पर केके सिंह, राजाराम माथुर, केके दुबे, सूर्य प्रकाश गुप्ता, हरिओम मिश्रा, सुबोध मिश्रा आदि मौजूद रहे।