उपाधि महाविद्यालय और रामलुभाई साहनी राजकीय महिला महाविद्यालय की हालत इन दिनों अजब गजब है। पहले जहां इन दोनों महाविद्यालयों में एडमिशन को लेकर लंबी कतार लगती थीं, लेकिन इस बार उपाधि महाविद्यालय में एडमिशन लेने वालों की भीड़ ही नहीं है। वहीं रामलुभाई कॉलेज में सीटों के सापेक्ष प्रवेश फार्म ही जमा नहीं हो पा रहे हैं। फिलहाल, दोनों महाविद्यालय स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की सीटें भरने की जुगत में लगे हुए हैं।
उपाधि महाविद्यालय में बीए की 640 सीट, बीएससी की 320 व बीकाम की 160 सीटों के लिए पहली कटऑफ जारी कर आठ जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई थी। यहां पहले दिन बीए में 37 व बीएससी बायो/मैथ ग्रुप में मात्र दस विद्यार्थियों ने एडमिशन लिए, जबकि बीकॉम में व्यवस्था दुरुस्त न होने के चलते एडमिशन नहीं लिए जा सके थे। उधर, महाविद्यालय में शनिवार सुबह दस बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। करीब ढाई बजे तक चली प्रवेश प्रक्रिया के तहत बीए में 58, कामर्स में 38 और बीएससी में मात्र दस विद्यार्थियों ने एडमिशन लिए।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पहली कटऑफ में शामिल बीए और बीएससी के विद्यार्थियों के प्रवेश सोमवार तक लिए जाएंगे। इसके बार दूसरी कटऑफ जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि बीएससी में एडमिशन कम हो रहे हैं। कटऑफ में शामिल विद्यार्थियों को दूरभाष से सूचना दी जा रही है।
रामलुभाई महाविद्यालय ने फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाई
रामलुभाई साहनी राजकीय महिला महाविद्यालय में बीएससी और एमकॉम की 160-160 सीट तथा बीकाम की 60 सीटों के लिए प्रवेश फार्म जमा करने की अंतिम तिथि नौ जुलाई निर्धारित की गई थी, लेकिन सीटों के सापेक्ष प्रवेश फार्म जमा न होने के चलते प्रवेश फार्म जमा करने की तिथि 14 जुलाई तक बढ़ा दी गई। प्राचार्य डॉ. आरसी वाजपेई ने बताया कि अब तक बीएससी बायो के 147 प्रवेश फार्म, मैथ गु्रप के 80, बीकाम के 77 व एमकाम के 59 प्रवेश फार्म जमा किए गए हैं। फार्म जमा करने की तिथि बढ़ा दी गई है।