बीसलपुर। गांधी जयंती पर जिला मुख्यालय पर डीएम की अध्यक्षता में होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह के सिलसिले में बृहस्पतिवार को बीआरसी परिसर में बेसिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं कराई गईं। वाद-विवाद में आदर्श कुमार को प्रथम पुरस्कार मिला। पुरस्कार के लिए छह विद्यार्थी चयनित किए गए।
खंड शिक्षाधिकारी नीरज शुक्ला ने बताया कि गांधी जयंती पर जिला मुख्यालय पर डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इस समारोह के सिलसिले में बृहस्पतिवार को बीआरसी परिसर में बेसिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं कराई गई। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय लुहिचा का कक्षा छह का छात्र आदर्श कुमार प्रथम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोवल पतीपुरा की कक्षा आठ की छात्रा कुंती पाल द्वितीय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय रसायाखानपुर का कक्षा आठ का मुनासिर हुसैन तृतीय रहा। क्विज प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोवल की कक्षा आठ की छात्रा कुंतीपाल प्रथम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गांगूपुर की कक्षा आठ की छात्रा शिवानी द्वितीय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवदिया सितारगंज की कक्षा सात की छात्रा नीतू गंगवार तृतीय रही। प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र के 30 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और एआरपी देवेंद्र कुमार शामिल थे। खंड शिक्षाधिकारी ने यह भी बताया कि इन चयनित छह विद्यार्थियों को गांधी जयंती पर जिला मुख्यालय पर होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।