छिटपुट सूचनाओं पर भी एक्टिव रही पुलिस
मतदान के दिन बुधवार को सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे। सीपीएमएफ, पीएसी के अलावा भारी संख्या में तैनात किया गया पुलिस बल खुराफातियों की निगहबानी में लगा रहा। चेकिंग के बाद लोगों को बूथ के भीतर प्रवेश दिया गया। नतीजतन मतदान को छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी तरह की गड़बड़ी या मतदाताओं को लुभाने का काम प्रत्याशी न करें, इस पर पुलिस की खासी निगाह रही। मतदान के दौरान मुख्य पार्टियों के प्रत्याशियों की देखरेख में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। खासकर शहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह गंगवार, सपा प्रत्याशी हाजी रियाज अहमद और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीसलपुर प्रत्याशी अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू की विशेष निगहबानी रही। कुछ अधिकारी इसके पीछे प्रत्याशियों की गतिविधि पर नजर रखने के लिए ऐसा करने की बात करते सुने गए। छिटपुट सूचनाओं पर भी पुलिस काफी एक्टिव दिखी। डीएम मासूम अली सरवर, एसपी देव कुमार रंजन, एडीएम एके सैनी, एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन पुलिस बल के साथ शहर से लेकर देहात तक भ्रमण कर मतदान की स्थिति को भांपते रहे। अफसरों ने मतदाताओं से भी बातचीत की।
दिन भर दौड़ते रहे दो सौ अधिकारी
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से संपन्न कराने को सभी 1427 बूथों की निगरानी के लिए जोनल, सेक्टर, माइक्रो आब्जर्वर समेत 175 अधिकारी नियुक्त किए गए थे। इनके अतिरिक्त डीएम, एसपी, चुनाव प्रेक्षक सहित करीब 25 आला अफसर भ्रमण कर मतदान का जायजा लेते रहे। जिले की चार विधानसभाओं में चुनाव के लिए बने 1427 बूथों पर चार सदस्यीय मतदान टीम के अलावा 99 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 जोनल मजिस्ट्रेट, 88 माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए थे। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सभी अधिकारी मंगलवार शाम पोलिंग पार्टियों के बूथ तक पहुंचने से लेकर बुधवार देर शाम पार्टियों के मंडी स्थल पहुंचने तक पल-पल की जानकारी लेते रहे। इनके अलावा चारों चुनाव प्रेक्षक, डीएम मासूम अली सरवर, एसपी देव रंजन वर्मा, एडीएम अजयकांत सैनी, एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव, सभी एसडीएम और सीओ क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे।