शहर के माधोटांडा मार्ग पर मंगलवार को ओवरलोड टेंपो पर कार्रवाई करती यात्रीकर अधिकारी। संवाद
पीलीभीत। लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में दस लोगों की जान जाने के बाद स्थानीय स्तर पर परिवहन विभाग ने डग्गामार वाहनों पर सख्ती शुरू कर दी है। छह दिनों में विभाग ने अलग-अलग सड़कों पर क्षमता से अधिक सवारी ले जा रहे 26 ओवरलोड मैजिक गाड़ी व टेंपो को पकड़कर सीज कर 1.20 लाख का जुर्माना वसूला है। अब विभाग अधिकारी ऐसे वाहनों की सीट पर कटर चलाने जैसी कार्रवाई करने की भी बात कह रहे हैं।
18 मई को लखीमपुर में 14 सवारी भरकर ले जा रहे मैजिक की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर दस लोगों की जान चली गई। घटना को सीएम से लेकर पीएम कार्यालय तक संज्ञान लिया गया। इसी को लेकर स्थानीय एआरटीओ कार्यालय से भी पिछले 6 दिनों में बीसलपुर, पूरनपुर, बरेली मार्ग, मझोला मार्ग आदि मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाकर 26 ओवरलोड क्षमता के साथ तेज रफ्तार में चल रहे वाहनों को पकड़कर उनको सीज करते हुए 1.20 लाख जुर्माना वसूला है। संवाद
डग्गामारों की सीटों पर कटर चलाने की तैयारी
विभाग अब डग्गामार वाहनों की मनमर्जी को देखते हुए मैजिक, टेंपो की सीटों पर कटर चलाने की तैयारी कर रहा है, जिससे वाहनों की सीटें खराब हो जाएंगी व चालक मनमर्जी से ओवरलोड क्षमता की सवारी नहीं बैठा पाएंगे। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह का कहना है कि डग्गामार वाहनों में ओवरलोड को लेकर विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। अगर इनकी मनमर्जी बंद नही हुई तो वाहनों पर नई कार्रवाई होगी।