गुरुवार शाम सीएमओ आवास की जगह पर कब्जे के प्रयास में जेल भेजे गए चारों लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने की धारा भी लगा दी गई है। सीजेएम सुनील कुमार सिंह ने जेल से तलब कर चारों का इस केस में भी वारंट बना दिया। शुक्रवार को कोर्ट से किसी आरोपी को जमानत नहीं मिली।
गुरुवार की शाम सीएमओ आवास की जगह पर कथित रूप से कब्जा करने के प्रयास में चार लोगों बिजेंद्र गुप्ता, कमल गुप्ता, अश्वनी कुमार व प्रमोद को शांतिभंग की आशंका में जेल भेजा गया था। रात को कोतवाली में इन चारों पर सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
शुक्रवार सुबह सीजेएम सुनील कुमार सिंह की कोर्ट में चारों आरोपियों को जेल से तलब कर सरकारी काम में बाधा के केस में भी वारंट बनवाने की अर्जी दी गई। कोर्ट ने इसे मंजूर कर लिया। दोपहर बाद चारों आरोपियों को तलब कर सरकारी काम में बाधा का केस भी शुरू कर दिया गया। जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए तारीख लगा दी गई।
शुक्रवार को वकीलों की हड़ताल में जमानत अर्जी लगाने पर कुछ वकीलों ने हड़ताल में काम करने का विरोध भी किया। अपराध गैरजमानती होने के कारण शुक्रवार शाम तक किसी आरोपी को जमानत नहीं मिल सकी।