केंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाते हुए अपने क्षेत्रों में ईमानदारी से विकास कार्य करें। गरीबों को उनका हक बिना रिश्वत के दिलाएं।
वह बरखेड़ा ब्लाक परिसर में रविवार को हुए कार्यक्रम में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि इंदिरा आवास, शौचालय व राशन कार्ड के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व धांधली की शिकायतें मिल रही हैं। जनप्रतिनिधि इस भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का काम करें। जिले के एक लाख बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कार्ययोजनाओं पर वह काम रही हैं। बेरोजगारों को योग्यतानुसार कार्य मिले, इसको लेकर प्रत्येक गांव के बेरोजगार युवक युवतियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने शीघ्र ही गरीब कन्याओं की शादी कराने की भी घोषणा की। इससे पूर्व उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई भी दी। सभा के बाद जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मपाल वर्मा, प्रमोद अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह टोनी, स्वामी प्रवक्तानंद, चेयरमैन प्रदीप जायसवाल, बाबूराम पासवान, ज्ञानप्रकाश गंगवार, रेखा परिहार, छेदालाल गंगवार, परमेश्वरीदयाल, अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं
इधर उन्होंने अपने अस्थाई निवास शंकर साल्वेंट पर भी लोगों की जनसमस्याएं सुनी और सीडीओ, सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार आदि को समस्याओं के निस्तारित करने के निर्देेेश दिए। इसके बाद वह अमिताभ त्रिपाठी, सुनील मिश्रा व डॉ. नरेंद्र मिश्रा के घर पहुंची और उनके परिवार में हुई मृत्यु पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
एक्सप्रेस ट्रेनें रुकवाने की मांग
मझोला। नगर पंचायत चेयरमैन अजय गोयल के नेतृत्व में तमाम व्यापारियों केंद्रीय मंत्री से मिलकर स्थानीय रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को रुकवाने की मांग की। जिस पर उन्होंने रेलमंत्री से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।