बीसलपुर। पुलिस की कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी शनिवार को पांचवें दिन गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि फरार हुए आरोपी पर भी रिपोर्ट लिखी गई है।
मोहल्ला पटेल नगर निवासी राकेश कुमार के घर से छह जून को दिनदहाड़े एक युवक ने बैटरी और दो मोबाइल फोन चुरा लिए थे। युवक सीसी कैमरे में कैद हो गया था। पुलिस ने उसी आधार पर आठ जून को आरोपी मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सुल्तान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने राकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस नौ जून को दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को कोतवाली ले जा रही थी। इस दौरान आरोपी रास्ते में अस्पताल चौराहे पर पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भागे हुए आरोपी, आरोपी को लाने वाले सिपाही प्रबल प्रताप और प्रशिक्षु सिपाही भानु के विरुद्ध कोतवाली में कस्बा इंचार्ज विपिन कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने शनिवार को सुबह नौ बजे सूचना के आधार पर गोवल कोठी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बैटरी और दोनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। राकेश कुमार ने बरामद बैटरी और मोबाइल फोन की शिनाख्त कर ली। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।